रायपुर। महानदी के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसका असर आरंग क्षेत्र के तटीय गांव निसदा में देखने को मिला, जहां बाढ़ का पानी गांव में घुसने से एक ही परिवार के छह सदस्य अपने घर में चारों ओर से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, जलभराव में फंसा परिवार सियाराम साहू का था। सुबह से ही महानदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने परिवार को घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार ने शुरुआत में घर छोड़ने से इनकार कर दिया। कुछ ही घंटों में पानी तेजी से बढ़ा और मकान चारों तरफ से जलमग्न हो गया, जिससे परिवार बाहर नहीं निकल सका।
घटना की सूचना मिलते ही आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे और थाना प्रभारी हरीश साहू प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीम को बुलाया गया, जिसने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इधर, पंचायत की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया। महानदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ने समय रहते निचले इलाकों के 12 घरों से 42 लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचा दिया।
प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से नदी-नालों के पास नहीं जाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए जिले में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।



