नई दिल्ली: FIH पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले भारतीय टीम की नई नारंगी (ऑरेंज) जर्सी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हॉकी इंडिया द्वारा सीनियर पुरुष और महिला टीमों के लिए नई जर्सी का अनावरण किए जाने के बाद खेल और राजनीतिक गलियारों से प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं।
यह भी पढ़े :- जिला भाजपा मीडिया प्रभारी के खिलाफ कार्यवाही की मांग
पूर्व कप्तान बोले- शर्मनाक फैसला, पहचान नीले रंग से
भारत के पूर्व हॉकी कप्तान और ओलंपियन विरेन रास्किन्हा ने हॉकी इंडिया के इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया है। सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा, “हॉकी इंडिया ने कई अच्छे काम किए हैं, लेकिन यह फैसला शर्मनाक है। भारतीय टीम की पहचान और विरासत हमेशा से नीले रंग से जुड़ी रही है। मैंने सालों तक गर्व से नीली जर्सी पहनी है और प्रशंसक भी टीम को नीले रंग में ही देखना चाहते हैं। नारंगी रंग का क्या तर्क है?”
प्रियंका गांधी ने भी साधा निशाना
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस मुद्दे पर सरकार और खेल प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा, “चाहे यूनिफॉर्म बदलना हो या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश, देश के युवा इसे अच्छी तरह समझ रहे हैं। जंतर-मंतर पर जमा युवाओं की आवाज ही इस देश की असली आवाज है।”
विश्व कप में भारत का अभियान
आगामी FIH पुरुष हॉकी विश्व कप बेल्जियम और नीदरलैंड में 14 से 30 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतीय पुरुष टीम को पूल D में इंग्लैंड, वेल्स और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। 1975 में विश्व विजेता बनने के बाद से भारत खिताब से दूर रहा है, हालांकि हाल के वर्षों में दो लगातार ओलंपिक कांस्य पदक और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की जीत से टीम के हौसले बुलंद हैं।
दूसरी ओर, महिला विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त के बीच होगा। भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगी।
“टीम पूरी तरह तैयार है”
महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने रवानगी से पहले कहा, “हमारी तैयारियां बहुत अच्छी रही हैं। पहला मैच चीन से है, जो हमारे लिए एक अहम परीक्षा होगी। हम जीत के साथ टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”



