रायपुर। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस पर किए गए हमले के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद नेताओं को “ताश के पत्तों की तरह फेंटती” है और फिर दूसरों को राजनीतिक स्थिरता का पाठ पढ़ाती है।
यह भी पढ़े :- अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन का बुलडोज़र, 13 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियां ध्वस्त
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस शासित राज्यों में असंतोष और नेतृत्व संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि कांग्रेस पिछले 12 वर्षों से अराजकता और अनिश्चितता की राजनीति कर रही है। इस पर पलटवार करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा को पहले अपने भीतर झांकना चाहिए, जहां कई राज्यों में लगातार मुख्यमंत्री बदले गए हैं। उन्होंने उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा में हारने वाले उम्मीदवारों को भी मुख्यमंत्री बना दिया जाता है।
बघेल ने कहा कि कांग्रेस की चिंता छोड़कर केंद्र सरकार को देश के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता और नीट परीक्षा से जुड़े विवादों को गंभीर विषय बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नीट परीक्षा में गड़बड़ियों की बात स्वीकार की जा चुकी है, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सीबीएसई और नीट जैसी परीक्षाओं में सामने आए कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से जवाबदेही तय करने की मांग भी की।
इस दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों के सम्मान के मुद्दे पर भी बघेल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी गलती करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन सार्वजनिक मंचों से अपमानित करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में कई जनप्रतिनिधि केवल प्रचार और सोशल मीडिया के लिए इस तरह के व्यवहार कर रहे हैं।
भाजपा द्वारा लगातार उन पर निशाना साधे जाने के सवाल पर बघेल ने कहा कि भाजपा को दिन-रात उनके ही सपने आते हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा उन्हें अपना प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानती है तो यह उनके लिए महत्वपूर्ण बात है।
इधर, कांग्रेस ने झारखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता अजय शर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस पर बघेल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और वे इसी सिलसिले में दिल्ली होते हुए रांची जाएंगे। उन्होंने इसे संगठन का विश्वास और सम्मान बताया।



