बिलासपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लाखों रुपये के जेवरात लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़े :- Wife Murder : चरित्र शंका में खूनी बना पति…! सो रही पत्नी को टांगी से काट डाला…गांव में फैली सनसनी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और लूटे गए आभूषणों का हिस्सा भी बरामद किया गया है।
बाजार में सरेराह हुई थी हत्या
गौरतलब है कि यह वारदात बीते दिनों कोटमी के साप्ताहिक बाजार में हुई थी। पेंड्रा निवासी 42 वर्षीय सराफा व्यवसायी प्रदीप सोनी बाजार समाप्त होने के बाद अपनी दुकान समेटकर सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग लेकर वाहन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
जब प्रदीप सोनी ने बैग छीनने का विरोध किया तो आरोपियों ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी और जेवरातों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले की थी रेकी, फिर बनाई लूट की योजना
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू तथा बिहार-झारखंड के परिचित राहुल और उसके साथियों के साथ मिलकर घटना की साजिश रची थी। आरोपियों ने साप्ताहिक हाट-बाजारों में सराफा व्यापारियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई और उसके बाद लूट की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 23 मई को आरोपी राहुल अपने साथियों के साथ बिलासपुर जिले के बिटकुला गांव पहुंचा था। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर कोटमी बाजार में व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी और वारदात को अंजाम दिया।
लूट के बाद बांटे गए आभूषण
वारदात के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बाद में देवरीखुर्द क्षेत्र में एक घर में लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को दूसरे राज्यों में रवाना किया गया है। जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपी
- खुशीराम साहू, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर
- राजाराम साहू, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर
- गया प्रसाद रजक, निवासी करौंदानार, देवरीखुर्द, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
बरामद सामग्री
- एक देशी कट्टा
- दो जिंदा कारतूस
- लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण
- तीन मोबाइल फोन
व्यापारियों के आक्रोश के बाद तेज हुई थी जांच
घटना के बाद व्यापारी संगठनों और परिजनों में भारी आक्रोश था। पेंड्रा बंद का आह्वान किया गया था तथा चक्काजाम भी किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में विशेष जांच दल का गठन किया गया था।
पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर आरोपियों पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों की सूचना और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।



