धमतरी। गंगरेल बांध इलाके में हथियार की नोक पर राहगीर से लूट करने वाले गिरोह का रुद्री पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की नकदी, मोबाइल फोन, चाकू और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
रास्ता रोककर चाकू दिखाया, 6 हजार और मोबाइल लूटा
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खिरकीटोला निवासी ढालसिंग नेताम (27) शाम के समय मानव वन के आगे तालाब मोड़ से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास मौजूद करीब 6 हजार रुपए नकद व मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने पर रुद्री थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पूछताछ में कबूल की वारदात
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं तहसीलदार के समक्ष उनकी पहचान कराई गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की। जब्त सामान की कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की गई।
दो बालिग जेल भेजे गए, नाबालिग संरक्षण में
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचान दानीटोला निवासी निशांत उर्फ दीपू ध्रुव (23) और दानीटोला महिमासागर वार्ड निवासी भरत यादव (22) के रूप में हुई है। दोनों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वहीं, मामले में शामिल दो नाबालिगों को पुलिस ने संरक्षण में लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।




