दुर्ग। जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सड़क पर महिला को चाकू दिखाकर मंगलसूत्र लूटने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा है। दोनों आरोपियों ने झीट-खुड़मुड़ी मुख्य मार्ग पर महिला को बाइक से रोककर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को रायपुर के भाठागांव से पकड़ा है।
यह भी पढ़े :- इंद्रावती तट पर निभाई सदियों पुरानी रस्म, सोने की नाव-चांदी का पतवार चढ़ाकर जलनी आया से मांगी नवाखाई की अनुमति
बाइक रोककर महिला के गले पर चाकू अड़ाया
पुलिस के मुताबिक, महिला ग्राम झीट के नए क्रिकेट मैदान से अपनी सहेली के साथ काम करने के बाद घर लौट रही थी। पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर पहुंचने के दौरान पाटन की ओर से बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला का रास्ता रोक दिया।
बाइक पर पीछे बैठे नाबालिग ने नीचे उतरकर चाकू निकाला और महिला के गले पर अड़ा दिया। चाकू देखकर महिला डर गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया और साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।
महिला की शिकायत पर अमलेश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
साइबर टीम की मदद से भाठागांव में घेराबंदी
घटना के बाद अमलेश्वर पुलिस और साइबर क्राइम दुर्ग की टीम ने आरोपियों की पहचान और लोकेशन जुटाने के लिए जांच शुरू की। लगातार सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को रायपुर के भाठागांव में घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
राहगीरों को चाकू दिखाकर लूटने का आरोप
पुलिस का कहना है कि दोनों नाबालिग बाइक से घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। रास्ते में लोगों को रोककर चाकू दिखाने और धमकाने के बाद सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान लूटने की बात पूछताछ में सामने आई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि दोनों ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
1.15 लाख रुपए का सामान जब्त
पुलिस ने दोनों के कब्जे से चार सोने की बूंदे, दो सोने के लॉकेट और एक मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर बाइक और चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में चार सोने की बूंदों की कीमत करीब 35 हजार रुपए, दो लॉकेट की कीमत करीब 20 हजार रुपए, मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपए और बाइक की कीमत करीब 50 हजार रुपए है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है।




