अंबिकापुर। अंबिकापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच का विवाद अब पुलिस स्टेशन पहुंच गया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली हैं।
पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ जमानती धाराओं में कार्रवाई की गई है।
मामला अंबिकापुर थाना क्षेत्र का है। जब दोनों पक्ष अपनी शिकायतें दर्ज कराने थाने पहुंचे तो विधायक समर्थक और राजस्व निरीक्षक संघ के पदाधिकारियों के बीच थाना परिसर में जमकर नारेबाजी हुई। स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि यह विवाद उनकी बड़ी बहन के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर हुआ है। उन्होंने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग देंगे और यदि दोषी पाए गए तो कानूनी कार्रवाई स्वीकार करेंगे।
दूसरी ओर राजस्व निरीक्षक संघ ने विधायक की 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। वहीं विधायक के समर्थक नायब तहसीलदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अंबिकापुर पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



