कांकेर। उत्तर बस्तर के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है।
यह कार्रवाई ग्राम गट्टाकाल-गोमे के जंगल-पहाड़ी इलाके में की गई, जहां जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया।
सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए सामान का डम्प बरामद किया गया, जिसमें लाल कपड़े के पैकेट 29 नग (प्रत्येक लगभग 20 मीटर, कुल लगभग 580 मीटर), काले रंग के ढीले कपड़े के टुकड़े 2 नग (लगभग 9 मीटर) शामिल हैं। बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की है। इस अभियान का नेतृत्व बीएसएफ की 40वीं बटालियन की टीम ने किया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई लगातार चल रहे संयुक्त सर्च ऑपरेशन का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नक्सलियों की गतिविधियों पर रोक लगाना है। कांकेर पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।



