रायपुर। राजधानी रायपुर में 15 वर्षीय मासूम को कुचलकर फरार होने वाले टैंकर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल था।
मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है, जहां 26 मई को सड्डू स्कूल के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ था। तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने एलआईजी सेक्टर-01, सड्डू निवासी 15 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से टैंकर सहित फरार हो गया था। बाद में जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए टैंकर की नंबर प्लेट पर पेंट पोतकर उसे छिपाने की कोशिश की थी, ताकि वाहन की पहचान न हो सके।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



