दुर्ग। जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान को कथित तौर पर अगवा कर बंधक बनाने और उसके साथ मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 11 लाख रुपये के पुराने लेन-देन के विवाद को लेकर जवान को जबरन अपने साथ ले जाया गया और एक मकान में बंधक बनाकर स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए। इस दौरान उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।
हालांकि, जवान ने हिम्मत नहीं हारी। बंधक बनाए जाने के दौरान उसने अपने मोबाइल से वरिष्ठ अधिकारियों को लाइव लोकेशन भेज दी। इसके बाद किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर जंगल में छिप गया और अपने यूनिट हेड को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर जवान को सुरक्षित बरामद कर लिया।
कोतवाली जाते वक्त जबरन साथ ले जाने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित जवान विजय शील रायगढ़ स्थित छठवीं बटालियन में पदस्थ है। बताया जा रहा है कि जवान और एक महिला के बीच करीब 11 लाख रुपये के पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के सिलसिले में जवान दुर्ग पहुंचा था।
आरोप है कि जवान जब कोतवाली थाना की ओर जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसे जबरन अपने साथ ले लिया। इसके बाद उसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गोकुल नगर के पास स्थित एक कॉलोनी के मकान में ले जाकर बंधक बना लिया गया।
पीड़ित के मुताबिक, वहां उसके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाकर स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए। घटना के दौरान जवान ने किसी तरह अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए कमांडेंट और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी लाइव लोकेशन भेज दी।
लोकेशन भेजकर जंगल में छिपा जवान
बताया जा रहा है कि आरोपियों के चंगुल से निकलने का मौका मिलते ही जवान वहां से भाग निकला। उसने जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई और फिर अपने यूनिट हेड को घटना की जानकारी दी।
यूनिट हेड ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दुर्ग पुलिस की टीम सक्रिय हुई और जवान की तलाश शुरू की। पुलिस ने रातभर इलाके में खोजबीन की और सुबह जवान को सुरक्षित बरामद कर लिया।
महिला और ड्राइवर गिरफ्तार
जवान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में हरजिंदर कौर (47) और उसके ड्राइवर कृष्ण कुमार सिन्हा (37) को गिरफ्तार किया है।
दोनों पर जवान को बंधक बनाने, मारपीट करने और जबरन स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराने के आरोप हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में और कितने लोग शामिल थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में सामने आए तथ्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




