रायपुर, 17 मई। Amit Shah Visit : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17 से 19 मई तक छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। बस्तर में सुरक्षा समीक्षा, 400 डायल-112 वाहन लॉन्च, फॉरेंसिक यूनिट्स, जन सुविधा केंद्र उद्घाटन और मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक होगी। अमित शाह 17, 18 और 19 मई को तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों की समीक्षा, जनसुविधाओं के विस्तार और मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक पर रहेगा। दौरे के दौरान रायपुर और बस्तर संभाग में कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक अमित शाह नेतानार जाएंगे और जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा वे डायल-112 सेवा के लिए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरे को सुरक्षा और विकास के संतुलन के रूप में देखा जा रहा है। डायल-112 सेवा विस्तार, जन सुविधा केंद्र उद्घाटन, मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स की शुरुआत और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि जैसे कार्यक्रम इसी रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं।
रविवार रात रायपुर पहुंचेंगे अमित शाह
अमित शाह रविवार शाम अहमदाबाद से विशेष विमान द्वारा रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे मेफेयर रिसॉर्ट जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम तय है। दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर रखी गई है।
पूरे प्रदेश में बढ़ेगी Dial-112 की पहुंच
18 मई की सुबह गृहमंत्री रायपुर पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में डायल-112 सेवा के लिए शामिल 400 नए वाहनों को रवाना करेंगे। अभी तक यह सेवा प्रदेश के 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। नई व्यवस्था के बाद प्रदेश के सभी थानों तक डायल-112 सेवा की पहुंच सुनिश्चित होने की बात कही जा रही है, जिससे आपातकालीन पुलिस सहायता और तेज होगी।
हर जिले को मिलेगी मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट
राज्य सरकार अपराध जांच प्रणाली को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए सभी 33 जिलों में मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स शुरू करने जा रही है। इन यूनिट्स में अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच की जा सकेगी।
बस्तर में विकास और सुरक्षा पर मंथन
रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर पहुंचेंगे और वहां से नेतानार जाएंगे। नेतानार में जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। दोपहर बाद बादल अकादमी में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी, जिसमें बस्तर में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात
शाम को अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर बस्तर की पारंपरिक कला और संस्कृति का अवलोकन करेंगे।
19 मई को होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक
दौरे के तीसरे दिन जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसमें अंतरराज्यीय समन्वय, नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक के बाद अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और फिर दिल्ली रवाना होंगे। राजनीतिक और प्रशासनिक (Amit Shah Visit) दृष्टि से इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। खासकर बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा और विकास को लेकर केंद्र सरकार के आगामी रोडमैप पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



