रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होने जा रही है। यह बैठक 19 मई को जगदलपुर में होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।
यह भी पढ़े :- बीजापुर में अवैध मुरुम उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 4 मशीनें जब्त, ठेकेदार पर जांच शुरू
जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह 18 मई की रात जगदलपुर पहुंचकर वहीं रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद वे शाम को दिल्ली रवाना होंगे। इससे पहले यह बैठक लखनऊ में आयोजित की गई थी।
इस बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक में राज्यों के बीच समन्वय, विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा व्यवस्था और अंतर-राज्यीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
मुख्य सचिव विकासशील ने सभी विभागों से पिछली बैठकों के निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट और लंबित मुद्दों का विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा स्थिति में सुधार के बाद इसे एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



