रायपुर। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देशहित से जुड़े मुद्दों पर भी विपक्ष राजनीति करने से नहीं चूकता और प्रधानमंत्री की हर पहल का विरोध करना उसकी आदत बन गई है।
यह भी पढ़े :- BJP Controversy : छत्तीसगढ़ भाजपा में नया विवाद…! 23 विधायकों को कार्यसमिति से बाहर रखा…असंतोष बढ़ा
नई दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने ईंधन की बचत का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है और सरकारी उपयोग में वाहनों की संख्या सीमित करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि पेट्रोल और डीजल की खपत को नियंत्रित किया जा सके।
दिल्ली दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ हैं। दोनों नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बस्तर में संचालित “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान” और “अग्रणी बस्तर अभियान” की प्रगति की जानकारी केंद्र सरकार को दी जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन अभियानों के तहत बस्तर क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जा रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर फोकस कर रही है।
वहीं, फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि के फैसले पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धान समेत कई फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।



