रायपुर। विष्णु देव साय ने पश्चिम बंगाल प्रवास के दौरान ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में परिवर्तन की लहर है और जनता अब अन्याय का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
यह भी पढ़े :- नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ पर भाजयुमो का आभार, डिप्टी CM विजय शर्मा से की मुलाकात
मुख्यमंत्री साय ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य के गरीबों और किसानों तक नहीं पहुंच पाया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल योजना और किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से पश्चिम बंगाल के लोग वंचित रहे हैं।
उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है और युवाओं के सामने रोजगार का संकट है। साय ने मतदाताओं से अपील की कि वे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन देकर राज्य में सुशासन लाएं।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने नयाग्राम, गोपीबल्लवपुर, झारग्राम और बिनपुर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया और नामांकन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जनसभाओं में उमड़ी भीड़ यह संकेत दे रही है कि राज्य में बदलाव तय है।
साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताते हुए कहा कि यहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत के दम पर शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
जनजातीय समाज के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी पहलें आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में इनका लाभ नहीं मिल पा रहा।
मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि अमित शाह ने आश्वासन दिया है कि भाजपा सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर राज्य में 7वां वेतनमान लागू किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क कर भाजपा के पक्ष में मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।



