रायपुर। राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा बुक कर घर जाने वाले यात्री को सुनसान इलाके में ले जाकर लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले दो युवक आरोपियों को गुढ़ियारी पुलिस ने महज एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी रकम, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया है।
यह भी पढ़े :- सरकार का नया फैसला: महंगी शराब सस्ती, बीयर के बढ़े दाम
घटना क्या थी?
31 मार्च की रात ट्रेन से रायगढ़ से रायपुर पहुंचे 32 वर्षीय हिमांशु शर्मा रेलवे स्टेशन से अमलीडीह स्थित अपने घर जाने के लिए ई-रिक्शा बुक किया। रात करीब 11:30 बजे ई-रिक्शा चालक और उसके साथी ने यात्री को गुमराह कर गुढ़ियारी के सीएसईबी मैदान के सुनसान इलाके में ले गए। वहां चाकू दिखाकर डरा-धमकाकर उनसे 4500 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। लूट के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुढ़ियारी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपियों के हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की गई और मात्र एक घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
प्रमोद तांडी उर्फ बबलू (19 वर्ष), निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी
विष्णु हिल उर्फ बिट्टू (19 वर्ष), निवासी काली नगर, गुढ़ियारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लूट की गई 4500 रुपये की रकम, मोबाइल फोन, धारदार चाकू और ई-रिक्शा बरामद कर लिया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है।



