धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में ज्वेलरी शॉप से सोने की चेन चोरी का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे दो महिलाओं समेत तीन लोगों ने ज्वेलर को आभूषण दिखाने में उलझाया और मौका मिलते ही 17 ग्राम की सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए। चोरी हुई चेन की कीमत करीब 2 लाख 22 हजार रुपए बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह भी पढ़े :- विवेक आचार्य बने छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के कार्यकारी संचालक
आभूषण देखने के बहाने पहुंचे थे तीन लोग
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मकई चौक स्थित शनि मंदिर के पास संचालित आमंत्रण ज्वेलर्स का है। जानकारी के मुताबिक, दो महिलाओं समेत तीन लोग ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे थे। उन्होंने ज्वेलर से सोने-चांदी के अलग-अलग आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदार उन्हें आभूषण दिखाने में व्यस्त हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर 17 ग्राम वजन की सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया।
इसके बाद तीनों दुकान से बाहर निकल गए। कुछ देर बाद दुकानदार ने जब आभूषणों की जांच की तो चेन गायब मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
चोरी की सूचना मिलने के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में तीनों संदिग्ध दुकान के अंदर आभूषण देखते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान मौका पाकर चेन चोरी करने के बाद दुकान से बाहर निकलते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
ज्वेलर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।




