दुर्ग। रक्षाबंधन की रात दुर्ग में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बिरयानी खाने निकले एक युवक की चाकू और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना चंडी मंदिर के पास नयापारा मार्ग की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़े :- शक्कर की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’, दीपक बैज बोले- सरकार पूरी तरह विफल
जानकारी के मुताबिक, धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से बिरयानी खाने निकला था। चंडी मंदिर के पास पीछे से आ रहे कुछ युवकों ने उन्हें गाली दी। इस पर धन्ना ने बाइक रोककर गाली देने का कारण पूछा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के करीब पांच युवकों ने धन्ना के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों के पास चाकू और अन्य धारदार हथियार भी थे। इसी दौरान धन्ना पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया गया।
हमले में धन्ना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के पास हथियार होने के कारण वे ज्यादा विरोध नहीं कर सके। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में धन्ना सड़क पर पड़ा रहा। इसके बाद उसके दोस्तों ने ई-रिक्शा की मदद से उसे दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे हुए विवाद और वारदात में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। रक्षाबंधन जैसे त्योहार की रात हुई इस हत्या से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।




