रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 48 घंटों में और मजबूत होकर उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में स्पा सेंटरों पर ताबड़तोड़ जांच, 15 पुलिस टीमों ने 30 ठिकानों पर मारा छापा; दो सेंटरों पर कार्रवाई
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कई स्थानों पर गरज-चमक, आकाशीय बिजली के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
कोरबा में सड़क पर बहकर आया मलबा, बस और कार फंसी
कोरबा में भारी बारिश के बीच कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर सड़क पर आ गया। इससे सड़क पर कीचड़ और मिट्टी जमा हो गई, जिसके कारण एक यात्री बस और कार फंस गई।
वहीं अमरैया पारा, चिमनी भट्ठा और शारदा विहार अटल आवास सहित आसपास के रिहायशी इलाकों में बारिश का गंदा पानी घुस गया। इससे दर्जनों घरों और दुकानों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और नुकसान की भी सूचना है।
मैनपाट में बाइक समेत नदी में बहे युवक-युवती
सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट में बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। यहां घूमने आए एक युवक और युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बह गए।
हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे एक स्थानीय व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं तेज बहाव में बहे युवक की तलाश की जा रही है।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 30 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
प्रदेश में शनिवार को सबसे अधिक तापमान अंबिकापुर में 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सामान्य से 4 फीसदी कम बारिश, नए सिस्टम से सुधार की उम्मीद
छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश सामान्य से करीब 4 फीसदी कम दर्ज की गई है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश के आंकड़ों में सुधार होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदानों में जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।




