रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाने के बाहर लगे वाटर कूलर में अचानक करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक को बचाने के लिए दौड़े पुलिस आरक्षक भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गए। घायल आरक्षक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े :- एफआईआर के बाद हेमचंद यादव विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला, कुलसचिव से छीने वित्तीय अधिकार
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रमेश ठाकुर (32) के रूप में हुई है, जो बिल्हा, जिला बिलासपुर का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक रमेश किसी काम से विधानसभा थाना पहुंचा था। इसी दौरान वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर से पानी पीने गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही रमेश ने वाटर कूलर को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह वहीं गिर पड़ा। युवक को तड़पता देख थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े।
बचाने पहुंचा आरक्षक भी करंट की चपेट में आया
रमेश को बचाने की कोशिश के दौरान पुलिस आरक्षक गणेश भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। बिजली बंद होने के बाद युवक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घायल आरक्षक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
CSEB की टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं मामले की जांच भी की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलने पर CSEB के अधिकारी और कर्मचारी भी विधानसभा थाना पहुंचे और वाटर कूलर समेत उससे जुड़े बिजली कनेक्शन की जांच शुरू कर दी। विद्युत विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि वाटर कूलर में करंट कैसे फैला और किस तकनीकी खामी के कारण हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस और विद्युत विभाग की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर वायरिंग में फॉल्ट, तकनीकी खराबी या अर्थिंग से जुड़ी समस्या समेत विभिन्न संभावित कारणों की जांच की जा रही है।




