जांजगीर। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 13 फरवरी को दिनदहाड़े हुई किसान से ढाई लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने जांच के बाद गिरोह के दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में कुल सात लूट और उठाईगिरी की घटनाओं को अंजाम दिया, जिसमें कुल 9 लाख 83 हजार रुपए की रकम वसूली गई। पकड़े गए आरोपी बिहार के कटिहार जिले के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मामले की जानकारी दी।
जांच के अनुसार, साइबर थाना जांजगीर ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। आरोपियों ने बैंक से पैसे निकालने आए बुजुर्ग और महिलाओं का पीछा कर लूट की योजना बनाई और प्रार्थी को केंवाच पाउडर देकर गुमराह करने का भी प्रयास किया।
13 फरवरी को किसान पामगढ़ SBI से 2.5 लाख रुपए निकालकर ग्राम धरदेई लौट रहा था। तभी आरोपी उनका पीछा कर रकम लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गिरफ्तार आरोपी:
दीपक यादव, पिता जीवन यादव, उम्र 36 वर्ष, ग्राम जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार
अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव, पिता रणधीत यादव, उम्र 28 वर्ष, ग्राम जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार
जांच में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बुजुर्ग और महिलाओं को निशाना बनाकर घर तक पीछा कर लूट करते थे। पुलिस ने उनके क्रियाकलापों से संबंधित अन्य जिलों और राज्यों को सूचित कर जांच तेज कर दी है।
इस मामले में दो अन्य मुख्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।




