रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित DMF (जिला खनिज न्यास) घोटाले मामले में ACB-EOW ने एक और आरोपी सतपाल सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसे 6 दिन (25 फरवरी तक) पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि DMF फंड से संचालित कृषि अनुदान कार्यों में नियमों की अवहेलना करते हुए गंभीर वित्तीय अनियमितताएं की गईं, जिससे शासन को करोड़ों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ। आरोपी ने सिंडिकेट के साथ मिलकर, जिसमें शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और व्यापारी शामिल थे, कृषि योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता की अनदेखी की और कई करोड़ रुपए का अवैध कमीशन नगद तथा अपने नातेदारों के बैंक खातों में प्राप्त किया।
जांच में वित्तीय लेन-देन, डिजिटल साक्ष्य और संबंधित दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई, जिससे आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त प्रमाण प्राप्त हुए। इसके आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों और संबंधित पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।



