मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति से कथित अफेयर के शक में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ सरेआम मारपीट कर दी। यह मामला जनकपुर थाना क्षेत्र का है।
घटना मंगलवार 6 जनवरी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महिला को शक था कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा उसके पति से मोबाइल फोन पर बातचीत करती है। महिला ने पहले छात्रा को इस संबंध में समझाने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर बातचीत जारी रहने से नाराज होकर वह खुद छात्रा से मिलने पहुंच गई।
इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में बीच सड़क मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ने एक-दूसरे के बाल खींचे और नाखूनों से नोचने तक की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों को खुलेआम एक-दूसरे से भिड़ते देखा जा सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई। जनकपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। चूंकि मामला एक नाबालिग छात्रा से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस इसे बेहद संवेदनशील मानते हुए कानूनी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है और वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



