Pakistan Kohat Blast : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार की नमाज के दौरान पुराने पुलिस लाइंस के पास स्थित मस्जिद के नजदीक जोरदार धमाका हुआ। प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, हमले में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में पांच पुलिसकर्मी और 11 नागरिक शामिल हैं।
यह भी पढ़े :- Heart Attack Medicine – रायपुर ACI में हार्ट अटैक की महंगी दवाएं मुफ्त, मरीजों को बड़ी राहत
विस्फोटक से लदी गाड़ी से टक्कर, फिर हुआ धमाका
पाकिस्तानी पुलिस के अनुसार, विस्फोटक से लदी एक गाड़ी को पुराने पुलिस लाइंस के गेट के पास टक्कर मारकर धमाका किया गया। इसके बाद पुलिस परिसर के अंदर फायरिंग भी हुई। अधिकारियों के मुताबिक, एक अन्य आत्मघाती हमलावर ने स्पेशल ब्रांच की इमारत के पास खुद को उड़ा लिया। (Pakistan Kohat Blast )
धमाके के बाद पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, एक हमलावर मारा गया है और परिसर में सुरक्षा अभियान जारी रहा। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
मस्जिद और आसपास की इमारतों को नुकसान
धमाका इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के बाहरी हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और आसपास की एक दीवार भी ढह गई। घटनास्थल पर मलबा फैल गया। राहत एवं बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया।
DHQ अस्पताल में इमरजेंसी घोषित
घायलों को कोहाट के जिला मुख्यालय अस्पताल समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। DHQ अस्पताल प्रशासन ने बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने के बाद इमरजेंसी घोषित कर दी। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोहाट-हंगू रोड बंद, इलाके में भारी सुरक्षा
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कोहाट-हंगू रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया है। पुलिस लाइंस और आसपास के इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कोहाट धमाके की निंदा करते हुए घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से घटना की रिपोर्ट भी मांगी है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की जांच कर रही हैं। हमले के पीछे किस संगठन का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। (Pakistan Kohat Blast )




