अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर इलाके में घर में घुसकर 70 वर्षीय LIC एजेंट बशीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से जानलेवा हमला कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात की साजिश रचने के आरोप में मृतक के दामाद नाजिम सबा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के लिए कथित तौर पर 5 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी और आरोपियों को 10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।
यह भी पढ़े :- खारून नदी में एनीकट पार करते समय हादसा, तेज बहाव में बहा युवक; SDRF ने निकाला शव
जानकारी के मुताबिक, बशीरुद्दीन पर घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पहले धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मौत के बाद प्रकरण में धारा 103 भी जोड़ी गई।
तलाक के विवाद से जुड़ी बताई जा रही साजिश
पुलिस जांच के दौरान मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी ने बताया कि उसका पति नाजिम सबा के साथ कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में नाजिम ने मायके पक्ष के लोगों को केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस के अनुसार, इसी पारिवारिक विवाद और कथित रंजिश को हत्या की साजिश की वजह माना जा रहा है।
जांच में पुलिस को पता चला कि नाजिम सबा ने अपने ससुर की हत्या के लिए 5 लाख रुपये में सुपारी तय की थी। इसके बाद उसने चैनपुर, पलामू निवासी कंचन कुमार और अन्य आरोपियों से संपर्क किया। आरोपियों को अंबिकापुर बुलाने के बाद उनके ठहरने की व्यवस्था भी किए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।
किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को वारदात की पूरी योजना तैयार की गई। इसके बाद कंचन कुमार और उसके दो अन्य साथी हथियार लेकर बाइक से बशीरुद्दीन के घर पहुंचे। आरोपियों ने कथित तौर पर किराए का मकान देखने के बहाने घर में प्रवेश किया और कुछ देर बाद बशीरुद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल के पास बाइक छिपाकर मौके से फरार हो गए।
बाइक, खून से सना कपड़ा और बस टिकट जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी कंचन कुमार की निशानदेही पर बाइक, खून से सना कपड़ा और बस टिकट बरामद किया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में कुछ आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।




