रायपुर। धर्मांतरण के मामलों को लेकर सांसद मनोज तिवारी ने गहरी चिंता जताई है। रायपुर दौरे पर पहुंचे मनोज तिवारी ने कहा कि देश में लोभ, लालच और खरीद-फरोख्त के जरिए धर्मांतरण किया जा रहा है, जो बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को वे संसद के आगामी सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे।
प्रदेश में हुए बंद का जिक्र करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आज जनता सड़कों पर उतर आई है, जो इस बात का संकेत है कि समाज इस विषय को लेकर आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि अब संविधान और व्यवस्था को इस दिशा में गंभीरता से सोचने की जरूरत है।
सांसद खेल महोत्सव में शामिल होने रायपुर पहुंचे मनोज तिवारी ने मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश को पहली बार ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं जो निरंतर विकास के कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की मंशा है कि देश स्वस्थ रहे, बच्चे और युवा फिट रहें, इसी उद्देश्य से हर सांसद को खेल महोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मनोज तिवारी ने कहा कि इसी क्रम में वे रायपुर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में शामिल हो रहे हैं और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करेंगे।



