रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हत्या की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही पिता की हसिया से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- नए विधानसभा भवन में सत्र शुरू, ‘विजन 2047’ पर घमासान
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान संतोष साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका अपने बेटे राहुल साहू से अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार को दोनों के बीच पैसे और बाइक खरीदने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान आरोपी बेटे ने गुस्से में आकर पिता पर हसिया से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल संतोष साहू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राहुल साहू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।



