रायपुर। नगर निगम ने बकाया राजस्व की वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया है। जोन-1 के राजस्व विभाग ने भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया। वहीं, एक अन्य परिसर में सीलिंग शुरू होते ही बकायादार ने मौके पर 37 हजार 634 रुपये जमा कर दिए, जिसके बाद निगम ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी।
यह भी पढ़े :- गैंगरेप केस में 2 साल बाद फैसला, 2 दोषियों को उम्रकैद और 4 को 20-20 साल की सजा
नगर निगम के अनुसार यह कार्रवाई आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। टीम ने पहले संबंधित बकायादारों को डिमांड बिल और नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के लिए कहा था। भुगतान नहीं होने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
तीन परिसरों पर ताला लगाकर सील किया
जोन-1 राजस्व विभाग की टीम ने यतियतन लाल वार्ड क्रमांक-4 में दो व्यावसायिक परिसरों के खिलाफ कार्रवाई की। यहां शांति बाई मलधानी पर 62 हजार 300 रुपये और महेश कुमार लालवानी पर 72 हजार 876 रुपये का राजस्व बकाया था। नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं होने पर दोनों परिसरों को सील कर दिया गया।
इसी तरह नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड क्रमांक-15 में ममता जैन और मानकचंद जैन के नाम से दर्ज व्यावसायिक परिसर पर 1 लाख 47 हजार 257 रुपये की बकाया राशि थी। निगम की टीम ने भुगतान नहीं होने पर परिसर को सील कर दिया।
सीलिंग शुरू होते ही जमा कराया पैसा
बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक-18 में सुरेश कुमार के व्यावसायिक परिसर पर भी निगम की टीम पहुंची थी। यहां 71 हजार 330 रुपये का राजस्व बकाया था। सीलिंग की प्रक्रिया शुरू होने के दौरान बकायादार ने मौके पर ही 37 हजार 634 रुपये का पार्ट पेमेंट जमा कर दिया। इसके बाद निगम ने तत्काल सीलिंग की कार्रवाई रोक दी।
नगर निगम राजस्व विभाग ने कहा है कि बकाया वसूली का अभियान आगे भी जारी रहेगा। नोटिस और डिमांड बिल जारी किए जाने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




