मनेन्द्रगढ़। जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में बेटे पर पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को लालपुर क्षेत्र में ऋषि कुमार सूर्यवंशी घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले थे। उनके शरीर पर चोट के निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई और परिजनों व अन्य लोगों के बयान दर्ज किए गए।
जांच में सामने आया कि 7 अक्टूबर को मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी (27) ने जमीन बेचने के लिए पिता पर दबाव बनाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि रवि ने पानी के पाइप से पिता के साथ मारपीट की, जिससे शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने संदेह के आधार पर वार्ड क्रमांक-6, लालपुर निवासी रवि कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




