रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 2.20 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर पीड़ित से संपर्क किया और वीडियो KYC के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली।
पुलिस के मुताबिक, ढेबर सिटी, भाठागांव निवासी विनोद कुमार (47) ने 23 सितंबर को इंस्टाग्राम पर ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड का ऑफर देखा था। ऑफर पसंद आने पर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए आवेदन किया। अगले दिन एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक कर्मचारी बताया और कार्ड प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए पुराने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी मांगी।
इसके बाद आरोपी ने वीडियो KYC पूरी करने की बात कहते हुए विनोद के WhatsApp पर एक लिंक भेजा। बैंक कर्मचारी समझकर उन्होंने लिंक खोलकर मांगी गई जानकारी दर्ज कर दी। KYC प्रक्रिया पूरी होने के कुछ देर बाद उनके PNB क्रेडिट कार्ड से तीन लगातार ट्रांजेक्शन हुए और कुल 2.20 लाख रुपये निकल गए।
मोबाइल पर रकम कटने के मैसेज आने के बाद ठगी का पता चला। विनोद ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया पर दिखने वाले क्रेडिट कार्ड ऑफर, KYC और कार्ड एक्टिवेशन के नाम पर भेजे गए अनजान लिंक से सावधान रहने की अपील की है। बैंक संबंधी जानकारी या OTP किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह भी दी गई है।




