रायपुर। कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के विरोध में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों ने रायपुर के राजीव चौक में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद गठबंधन के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में अनियमितताओं तथा मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग भी रखी। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत करने और चुनावी प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रदर्शन में कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी (आप) और सिविल सोसाइटी से जुड़े नागरिक शामिल हुए। गठबंधन के नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर भी विरोध दर्ज कराया जा रहा है।




