सूरजपुर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शुक्रवार से लापता 18 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिला, जबकि देर शाम उसकी मां का शव घर के बंद कमरे से बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महावीरपुर कालीघाट रोड पर मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर एक युवक का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान केशवनगर निवासी सजल बरेठ (18) के रूप में की। उसकी स्कूटी केशवनगर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास से बरामद हुई। पुलिस को युवक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
इधर, शनिवार देर शाम केशवनगर में छत्तीसगढ़ ढाबे के पीछे ममता कॉलोनी स्थित किराए के मकान में तलाशी के दौरान एक बंद कमरे से सजल की मां रजनी बरेठ का शव मिला। रजनी बरेठ बेलटिकरी स्कूल में शिक्षिका थीं और पति से उनका तलाक हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बंद कमरे और घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस दोनों मौतों के बीच संबंध समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। फिलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।




