सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। मध्य प्रदेश के जबलपुर से पहुंची वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) की टीम ने सूरजपुर वनमंडल के अंतर्गत आने वाले धारसेड़ी गांव में देर रात औचक छापेमारी की।
यह भी पढ़े :- चमकेगी किस्मत, आएगी खुशहाली: अगस्त में सूर्य और मंगल समेत 6 प्रमुख ग्रहों का महागोचर
इस कार्रवाई के दौरान टीम ने एक बाघ की खाल बरामद की है और मौके से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
देर रात हुई गुप्त छापेमारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, WCCB की टीम को क्षेत्र में बाघ की खाल की खरीद-बिक्री और तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग को सतर्क करते हुए धारसेड़ी गांव में दबिश दी। बरामद बाघ की खाल को जब्त कर लिया गया है और तीनों संदिग्धों से अज्ञात स्थान पर पूछताछ जारी है।
बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का अंदेशा
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारी वन्यजीव तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क को खंगाल रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार पड़ोसी राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं और तस्करी के इस मामले में कुछ अन्य स्थानीय व बाहरी लोग भी शामिल हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि सूरजपुर और उसके आसपास के वन क्षेत्रों में पहले भी वन्यजीवों (जैसे बाघ, तेंदुए) की खाल और अंगों की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। फिलहाल WCCB और वन विभाग की टीम मामले की गहन जांच में जुटी है।



