लैलूंगा (रायगढ़)। शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के तहत आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब पूर्व भाजयुमो नेता रवि भगत ने साइकिलों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए वितरण रोक दिया। विवाद बढ़ता देख स्कूल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूर्व भाजयुमो नेता को हिरासत में ले लिया है।
यह भी पढ़े :- मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप
ब्रांड और स्टिकर में भिन्नता पर उठाए सवाल
मिली जानकारी के अनुसार, शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में मंगलवार को 7 छात्राओं को योजना के तहत नि:शुल्क साइकिल वितरण किया जाना था। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था।
तभी मौके पर पहुंचे पूर्व भाजयुमो नेता रवि भगत ने वितरित की जाने वाली साइकिलों की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि साइकिल के ढांचे पर ‘हीरो’ लिखा हुआ है, जबकि उस पर स्टिकर ‘कावेरी’ ब्रांड का लगा हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने साइकिलों की क्रय रसीद (बिल) दिखाने की मांग की, ताकि प्रति साइकिल की वास्तविक कीमत का पता चल सके।
प्राचार्य की समझाइश बेअसर, पुलिस बुलाई गई
स्कूल के प्राचार्य ने उन्हें समझाने का प्रयास किया कि साइकिलें शासन की तय योजना के तहत प्राप्त हुई हैं और उन्हें नियमानुसार बांटा जा रहा है। हालांकि, रवि भगत गुणवत्ताहीन साइकिलों के वितरण का विरोध करते हुए उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी और लैलूंगा पुलिस थाने को सूचित किया। जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और रवि भगत को हिरासत में लेकर थाने ले आया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



