रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना डी.डी. नगर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- रायपुर कोर्ट में फर्जी जमानतदार गिरोह का पर्दाफाश, कूटरचित दस्तावेजों के सहारे जमानत दिलाने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
इसी अभियान के तहत 27 जुलाई को थाना डी.डी. नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रायपुरा स्थित गढ़ही तालाब के पास एक युवक बैग में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां लेकर ग्राहकों की तलाश में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान 21 वर्षीय छन्नू वर्मा के रूप में हुई। वह मूल रूप से बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम जेते का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के रायपुरा स्थित सत्यम विहार कॉलोनी में रह रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके बैग से 52 बोतल प्रतिबंधित CODISTAR-NF सिरप, जिसमें कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड पाया जाता है, बरामद किया। इसके अलावा 75 प्रतिबंधित SPASMO-PROXYVON PLUS कैप्सूल, जिनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड मौजूद है, भी जब्त किए गए। बरामद नशीली दवाइयों की अनुमानित कीमत करीब ₹9,920 बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 452/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) और 21(सी) के तहत कार्रवाई की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी के पास इतनी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां कहां से आईं और वह इन्हें किन लोगों तक पहुंचाने वाला था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।



