मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रभावित क्षेत्रों में शोक और दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े :- स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेसियों ने हल्ला बोला..
जानकारी के अनुसार, शिवपुर गांव में धान रोपाई के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ग्राम पंचायत मंगोरा में मवेशी चराने गए एक चरवाहे की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान चली गई।
इसके अलावा बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आकाशीय बिजली से हुई इस त्रासदी के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटे हुए हैं।



