रायगढ़ : स्मार्ट मीटर के विरोध में जिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़े :- साइकिल की गुणवत्ता को लेकर स्कूल में बवाल, पुलिस ने रवि भगत को हिरासत में लिया
शहर के महात्मा गांधी चौक से कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर पहले ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स की ओर बढ़े और उन्हें पार करने का प्रयास किया, लेकिन भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना देकर अपना विरोध जारी रखा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों के घरों में पहले की तुलना में तीन से चार गुना अधिक बिजली बिल आ रहा है। उनका कहना था कि इससे आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर हटाकर फिर से साधारण मीटर लगाने की मांग की।
जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे नहीं बढ़ने दिया तो कार्यकर्ताओं ने वाटर कैनन चलाने की मांग करते हुए अनोखे अंदाज में विरोध जताया। बैरिकेड्स के सामने कार्यकर्ता फिल्मी गानों की धुन पर नाचते-गाते दिखें इस बीच उन्होंने विष्णुदेव सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे।
इधर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस लगातार अभियान चला रही है। गली-मोहल्लों में जाकर लोगों से फॉर्म भरवाए जा रहे हैं, ताकि स्मार्ट मीटर हटाकर उनके यहां साधारण मीटर लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बिजली बिल हाफ योजना से लोगों को काफी राहत मिलती थी, लेकिन वर्तमान में राज्य सरकार जनता की बजाय ठेकेदारों के हित में काम कर रही है।



