बिलासपुर, 22 जुलाई। Road Accident Deaths : छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और इनमें हो रही मौतों पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने तीखी टिप्पणी करते हुए पूछा, ‘क्या पुलिसकर्मियों का काम सिर्फ मवेशी हांकना है या व्यवस्था बनाना?’
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और संबंधित विभागों को 10 दिन के भीतर शपथपत्र के साथ विस्तृत जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
तकनीक और सख्त निगरानी से सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी
एक साल में 6,967 लोगों की मौत
कोर्ट कमिश्नर द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में प्रदेश में 15,484 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 6,967 लोगों की मौत और 13,156 लोग घायल हुए।
वहीं, 2026 में 31 मई तक केवल पांच महीनों में 6,891 सड़क हादसों में 3,170 लोगों की जान जा चुकी है।
सड़क सुरक्षा समितियों की बैठकों पर सवाल
हाईकोर्ट में बताया गया कि नियमों के अनुसार हर महीने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक होनी चाहिए, लेकिन कई जिलों में पूरे साल केवल एक बैठक हुई।
- सरगुजा में 300 से अधिक मौतों के बावजूद पूरे वर्ष सिर्फ एक बैठक।
- कांकेर में भी सालभर में केवल एक बैठक आयोजित की गई।
आवारा मवेशी और अवैध पार्किंग पर नाराजगी
सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि बारिश के मौसम में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैठे आवारा मवेशी हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इसके अलावा, औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध पार्किंग, ओवरलोड ट्रक और बंद पड़ी वेइंग मशीनों पर भी अदालत ने गंभीर चिंता जताई।
रायपुर बना सबसे बड़ा ब्लैक स्पॉट
हाईकोर्ट में पेश रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के 10 सबसे खतरनाक ब्लैक स्पॉट्स में से 7 रायपुर जिले में हैं।
प्रमुख ब्लैक स्पॉट-
- धरसींवा (सिलतरा-निको गेट)
- तेलीबांधा
- नेवरा
- आरंग
- खरोरा
- कोरबा का पाली-गझरा नाला मार्ग
हाईकोर्ट ने मांगा इन बिंदुओं पर जवाब
- सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें क्यों नहीं हुईं?
- अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग रोकने के लिए क्या कार्रवाई हुई?
- ब्लैक स्पॉट्स सुधारने के लिए क्या कदम उठाए गए?
- NHAI और प्रशासन की विस्तृत रिपोर्ट।
- सड़क सुरक्षा सुधारने की समयबद्ध कार्ययोजना।



