दुर्ग। जिले में निवेश के नाम पर ठगी के मामले में सुपेला पुलिस ने HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक में अपने पद का फायदा उठाकर बड़ी रकम वाले खाताधारकों की जानकारी हासिल करता था और उन्हें गोल्ड ETF में निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देता था। मामले में मुख्य आरोपी योगेश साहू पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
यह भी पढ़े :- 25 सितंबर को भारत रचेगा इतिहास, एक साथ गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार तिवारी बड़े बैंक खातों वाले ग्राहकों से संपर्क करता और उन्हें गोल्ड ETF में निवेश करने पर भारी मुनाफे का लालच दिया जाता था। निवेशकों से चेक लेकर रकम मुख्य आरोपी योगेश साहू के बैंक खाते में जमा कराई जाती थी।
निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए शुरुआत में राजकुमार तिवारी के खाते से लाभांश की रकम भी भेजी जाती थी। बाद में लाभांश मिलना बंद हो गया और रकम वापस करने का आश्वासन दिया जाता रहा।
मामले की शिकायत सेक्टर-7, भिलाई निवासी राजू नामदेव ने सुपेला थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अन्य ग्राहकों के बैंक स्टेटमेंट दिखाकर निवेश योजना को भरोसेमंद बताया था। इसके बाद राजू नामदेव ने 21 मार्च 2025 को 15 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर किए।
शुरुआत में लाभांश मिला, लेकिन कुछ समय बाद भुगतान बंद हो गया। बाद में राजू नामदेव को पता चला कि अन्य निवेशकों से भी इसी तरीके से रकम लिए जाने का आरोप है।
जांच के दौरान मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख समेत अन्य निवेशकों के बयान और दस्तावेजों की जांच की गई। संबंधित बैंक खातों की जांच में राजकुमार तिवारी की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब निवेश योजना से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है।




