कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में युवती की आत्महत्या के मामले में विश्रामपुरी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर युवती को लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों की शिकायत और पुलिस जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
यह भी पढ़े :- सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल बरामद
जमानत पर रिहा होने के बाद भी जारी रही कथित प्रताड़ना
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 24 वर्षीय त्रिलोचन मरकाम के रूप में हुई है। बताया गया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी युवती को शादी का झूठा आश्वासन देकर संबंध बनाने के आरोप में कार्रवाई की गई थी। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। कुछ समय पहले जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद आरोपी पर युवती को दोबारा मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप है।
परिजनों के मुताबिक, लगातार हो रही कथित प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने 27 अक्टूबर को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
युवती की मौत के बाद परिजनों ने विश्रामपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी त्रिलोचन मरकाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।




