रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए विरोध-प्रदर्शन की कड़े शब्दों में निंदा की है। मुख्यमंत्री साय ने इसे राजनीतिक स्टंट करार देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे ज़िम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से ऐसे आचरण की अपेक्षा बिल्कुल नहीं की जाती।
यह भी पढ़े :- NEET पेपर लीक: PM आवास के बाहर विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में
मुख्यमंत्री ने जारी बयान में कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया यह कृत्य लोकतंत्र की गरिमा के पूरी तरह खिलाफ है, जिसे देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
NEET मुद्दे पर सरकार प्रतिबद्ध
NEET पेपर लीक मामले पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार इस समस्या को लेकर शुरू से ही अत्यधिक गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने याद दिलाया कि स्वयं प्रधानमंत्री ने पेपर लीक को ‘पाप’ बताते हुए कठोर कदम उठाने की बात कही थी।
साय ने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के तहत परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित कराई गई और उसके परिणाम भी घोषित किए जा चुके हैं।
“युवाओं की आड़ में अराजकता फैला रही कांग्रेस”
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुखद है कि कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे का सहारा लेकर और कुछ युवाओं की आड़ में देश के भीतर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।




