दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक बेहद संवेदनशील और गंभीर वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 7 वर्षीय मासूम बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया।
यह भी पढ़े :- CG Transfer : साय सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला…! तकनीकी शिक्षा विभाग में जारी हुई नई ट्रांसफर लिस्ट
आरोपी पिता द्वारा दूसरी बार इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद, पीड़िता की माँ ने हिम्मत दिखाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसआई भाई पर भी मामला दबाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना स्मृति नगर थाना क्षेत्र की है। दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी पिता ने इसी वर्ष मार्च महीने में बच्ची को घर पर अकेला पाकर पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया था। डरी-सहमी बच्ची ने किसी तरह इस आपबीती की जानकारी अपनी माँ को दी।
स्तब्ध माँ ने इस गंभीर विषय पर अपने देवर (आरोपी के भाई), जो पुलिस विभाग में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत है, से मदद मांगी। आरोप है कि एएसआई ने पारिवारिक बदनामी और लोक-लाज का हवाला देकर मामले को दबा दिया और कोई कानूनी कदम नहीं उठाने दिया।
दोबारा वारदात के बाद दर्ज हुआ मामला
एएसआई द्वारा मामले को रफा-दफा किए जाने के बाद आरोपी पिता के हौसले और बढ़ गए। उसने हाल ही में मासूम बच्ची के साथ दोबारा दुष्कर्म किया। पति की इस हैवानियत और देवर की निष्क्रियता से तंग आकर महिला अपनी बेटी को लेकर न्याय की गुहार लगाने दुर्ग थाने पहुँची। वहाँ से मामला संबंधित स्मृति नगर थाने भेजा गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
स्मृति नगर थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की लिखित शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी पिता को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। इस संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने और अपराध को छिपाने के आरोपी एएसआई भाई की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वर्तमान में पीड़ित बच्ची अत्यधिक डरी हुई है, जिसका चिकित्सकीय परीक्षण व आवश्यक उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत और गहन जांच में जुटी है।



