दुर्ग। शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंद्रापारा इलाके में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक हिस्ट्रीशीटर की भारी पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
यह भी पढ़े :- CG Assembly : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक…! सत्र की रणनीति तय
मृतक की पहचान लेखराम कोठारी के रूप में हुई है। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने की आशंका
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक लेखराम कोठारी और चेलक पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते तीन से चार आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
दो संदिग्ध हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात, मृतक का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
तनाव और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने घटनास्थल पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाने का प्रयास किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक लेखराम कोठारी क्षेत्र का पुराना बदमाश था और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।



