रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सब्जी बेचने की आड़ में अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 249 शीशी नशीली सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
यह भी पढ़े :- बिगड़ा रसोई का बजट: घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा, आज से नई कीमतें लागू
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार साहू के रूप में हुई है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 249 शीशी प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 25 लीटर बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी सिरप रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक जब्त नशीली सिरप और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह सिरप कहां से मिलती थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



