Domestic LPG Gas Cylinder Price : महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। इसके बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री जी… स्वागत है आपका! नन्हे हाथों में गुलाब, मासूम मुस्कान ने जीत लिया सीएम का दिल
जानकारी के अनुसार, पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण ईंधन कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया है।
उद्योग सूत्रों के मुताबिक, ताजा मूल्य संशोधन से पहले सरकारी तेल विपणन कंपनियों को प्रत्येक घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर करीब 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था।
कमर्शियल सिलेंडर भी हो चुके हैं महंगे
घरेलू सिलेंडर से पहले सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की थी। एक मई को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे, जबकि पांच किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में भी इजाफा हुआ था। इसके बाद एक जून को कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी की गई।
सप्लाई सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। मंत्रालय के अनुसार, किसी भी क्षेत्र में गैस की कमी की स्थिति नहीं है और सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
कच्चे तेल और LPG का पर्याप्त भंडार
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और होर्मुज क्षेत्र में तनाव के बावजूद देश में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं तथा उनके पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। साथ ही घरेलू स्तर पर एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के प्रयास भी जारी हैं।
घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में हुई नई बढ़ोतरी से लाखों परिवारों की रसोई का बजट प्रभावित होने की आशंका है, जबकि सरकार का कहना है कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।



