बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय बढ़ गया, जब एक युवती ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामला थाने तक पहुंचा, जहां घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- स्पार्किंग से भड़की आग में जिंदा जले 3 मासूम, कुछ ही मिनटों में राख हुआ घर
जानकारी के अनुसार कुदुदंड निवासी सुरेंद्र पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि वह परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में एक युवती के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और वर्ष 2024 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान उनकी सात महीने की एक बेटी भी हुई।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। गुस्से में युवती ने युवक पर हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना लेकर गई। थाने में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। बाद में स्टाम्प पेपर पर समझौता कराया गया, जिसमें दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया।
समझौते में यह भी उल्लेख किया गया कि दोनों वर्ष 2024 से साथ रह रहे थे और उनकी सात महीने की बेटी अब मां के पास रहेगी। हालांकि समझौते के बाद भी थाने में काफी देर तक विवाद और हंगामा चलता रहा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवती थाना परिसर में युवक की पिटाई करती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष आपसी विवाद के चलते थाने पहुंचे थे। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया, इसलिए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं वायरल वीडियो की जांच कर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।



