सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जमोड़ी थाना क्षेत्र के काशीहवा गांव में कच्चे मकान में भीषण आग लगने से तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बच्चे घर से बाहर नहीं निकल सके।
यह भी पढ़े :- कांग्रेस नेता के घर गोलीकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
ग्रामीणों के मुताबिक घर के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में अचानक स्पार्किंग हुई। चिंगारी पास में रखे बांस और सूखे सामान पर गिरने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरा कच्चा मकान आग की लपटों में घिर गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर में तीनों बच्चे अकेले थे। बच्चों की मां राशन लेने दुकान गई थी और जाते समय घर का दरवाजा बाहर से बंद कर गई थी। आग लगने के बाद बच्चे अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
हादसे में डेढ़ वर्षीय रिधि साकेत, 6 वर्षीय धुम्मू उर्फ संध्या साकेत और 3 वर्षीय एक अन्य बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना शनिवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। तब तक पूरा घर जलकर राख हो चुका था।
बच्चों के पिता रामरतन साकेत मजदूरी करने गए हुए थे। उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी उन्हें सुपरवाइजर के फोन से मिली। उस समय उनकी पत्नी राशन लेने बाहर गई हुई थी। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी छुट्टियों में नानी के घर गई हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।



