रायपुर। सूखे नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में टिकरापारा पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड क्षेत्र से राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8.122 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- राहुल गांधी की टिप्पणी पर सांसद संतोष पांडेय का पलटवार, बोले— पीएम पर अभद्र बयान अनुचित
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी रोकने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में सूखे नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान 21 मई को थाना टिकरापारा प्रभारी उप निरीक्षक बालेश्वर लहरे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित शुलभ शौचालय के पास दो व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से अलग-अलग मात्रा में कुल 8.122 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राजस्थान के टोंक जिले के निवासी के रूप में बताई। गिरफ्तार आरोपियों में दिलशेर खान और कसीम अली शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 442/2026 दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।



