बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के बेलगहना थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।
यह भी पढ़े :- ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी, लक्ष्य ज्वेलर्स से करीब 1 करोड़ के जेवरात पार
पलंग से गिरने से मौत की सूचना, परिजनों ने जताया शक
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान दीक्षा कुशवाहा उर्फ पुनीता के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष ने परिजनों को सूचना दी कि दीक्षा की मौत पलंग से गिरने के कारण हुई है। इस सूचना के बाद परिजनों में आक्रोश और संदेह की स्थिति बन गई।
मौत से पहले भाई को किया था कॉल
परिजनों का दावा है कि दीक्षा ने मौत से पहले अपने भाई को फोन कर अपनी परेशानियों के बारे में बताया था। इसके बाद पिछले दो दिनों से उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था, जिससे परिवार पहले से ही चिंतित था।
ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों ने सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दीक्षा को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब भाई ने बात करने की कोशिश की तो ससुर ने बातचीत से इनकार कर दिया और बाद में अचानक मौत की सूचना दी गई।
साजिश की आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों ने मामले में गहरी साजिश की आशंका जताई है और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जांच कराने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना के बाद बेलगहना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



