रायपुर : छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार के तीसरे दिन आज रविवार दोपहर विष्णुदेव साय बतौली पहुंचे। यहां शांतिपारा स्थित स्कूल मैदान में पेड़ के नीचे जन चौपाल लगाकर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार को जनता के करीब लाना और सीधे संवाद के जरिए यह जानना है कि योजनाओं का लाभ लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में किसान और ग्रामीण अपेक्षाकृत खाली रहते हैं, ऐसे में जन चौपाल के माध्यम से समस्याएं सुनना अधिक प्रभावी साबित हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि अगले 40 दिनों तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाकर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
भीषण गर्मी के बावजूद कार्यक्रम में उत्साह को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहने से गर्मी का अहसास भी नहीं होता। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें औषधीय लहसुन की माला पहनाकर स्वागत किया।
वहीं, सीतापुर में दो आदिवासी बच्चियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों।



