रायपुर/अभनपुर। छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन मुआवजा घोटाले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम को अभनपुर क्षेत्र में विरोध का सामना करना पड़ा। जांच के दौरान हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए जब टीम पर धक्का-मुक्की और कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप सामने आए।
यह भी पढ़े :- तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 20 घंटे से बिजली गुल, नवजातों व प्रसूताओं की हालत बिगड़ी, वैक्सीन पर भी खतरा
जानकारी के अनुसार, ED की टीम अभनपुर थाना क्षेत्र के खोलागांव में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के निवास पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान उनके पिता सत्यनारायण गांधी और भाई जय प्रकाश गांधी ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि दोनों ने न केवल जांच में बाधा डाली, बल्कि ED के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार भी किया।
घटना के बाद ED अधिकारियों ने अभनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया गया है कि छापेमारी के दौरान आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि ED की यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन घोटाले की व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसमें पहले भी कई ठिकानों पर छापेमारी और दस्तावेजों की पड़ताल की जा चुकी है।



